![]()
पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में बुधवार को आनापान ध्यान बाल शिविर का आयोजन हुआ।
हनुमानगढ़ जंक्शन के सेक्टर 12 स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में बुधवार को आनापान ध्यान बाल शिविर का आयोजन हुआ। यह शिविर प्रिंसिपल सुनीता यादव की पहल पर विपश्यना समिति के तत्वाधान में आयोजित किया गया।
शिविर के प्रथम चरण में सीनियर वर्ग के 96 छात्र, 47 छात्राएं और 5 शिक्षकों ने भाग लेकर आनापान ध्यान सीखा। प्रिंसिपल सुनीता यादव ने विद्यार्थियों को बताया कि आनापान के अभ्यास से उन्हें अपने मन को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग और विपश्यना समिति जयपुर के बीच एमओयू हुआ था। इसके तहत समग्र शिक्षा अभियान के साथ प्रोजेक्ट बाल मित्र शुरू किया गया। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत राजस्थान के सरकारी स्कूलों के बच्चों को आनापान की शिक्षा दी जा रही है।
प्रोजेक्ट बाल मित्र इस बात का प्रमाण है कि राजस्थान सरकार बच्चों के मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक कल्याण को भी शिक्षा में प्राथमिकता देना चाहती है। सरकार शिक्षा को वास्तव में समग्र बनाना चाहती है।
प्रिंसिपल सुनीता यादव ने बताया कि स्कूल परिवार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना सभी के लिए अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि आनापान ध्यान के नियमित अभ्यास से विद्यार्थियों को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।
उन्होंने ने यह भी बताया कि जल्द ही शेष विद्यार्थियों के लिए भी आनापान बाल शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर हरिमोहन समेत अन्य शिक्षक और विद्यार्थी भी मौजूद रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments