![]()
हनुमानगढ़ में राजस्थान शिक्षक संघ ने पांच सूत्री मांगों पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
हनुमानगढ़ में राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले शिक्षकों ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी की।
संघ के जिलाध्यक्ष अतर सिंह ने बताया कि शिक्षा और शिक्षकों की समस्याओं के बारे में बार-बार अवगत करवाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। शिक्षण व्यवस्था और शिक्षकों के न्याय संबंधी विषयों पर समयबद्ध कार्य पूर्ण नहीं होने से शिक्षक आक्रोशित हैं।
शिक्षकों की पांच प्रमुख मांगें हैं – शिक्षा विभाग में सभी संवर्गों के ट्रांसफर से प्रतिबंध हटाकर ट्रांसफर प्रक्रिया प्रारंभ करना, शिक्षकों की लंबित पदोन्नतियों की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करवाना, न्यायालय में लंबित तृतीय वेतन श्रृंखला के शिक्षकों की पदोन्नति का त्वरित निपटारा करवाना, राज्य के सभी स्कूलों में रिक्त पदों को भरना और शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करना।
उप शाखा अध्यक्ष शौकत अली ने मुख्यमंत्री से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की। संघ प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलनात्मक कदम उठाएंगे।
कार्यक्रम में ममता कौशिक, मनजीत कौर, रजनी शर्मा, संजय शर्मा, विपिन जोशी, दिनेश सारण, अश्विनी शर्मा, सीपी शर्मा, राकेश मटोरिया, उदयवीर, अनिल सारण और दीपक पुरोहित मौजूद रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments