बाड़मेर में लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को दोपहर के समय मूसलाधार बारिश हुई। इससे शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गई। वहीं जगह-जगह जल भराव की स्थिति बन गई।
सड़कों पर भरे पानी के कारण बाइक सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एक घंटे में शहर में 3.4 एमएम बारिश दर्ज की गई है। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। लोगों ने गर्मी से राहत ली। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में बारिश की संभावना जताई है।
दरअसल, बाड़मेर में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही किसानों में फिर से अच्छी बारिश की आस जगी है। जिले में मानसून की एडवांस दस्तक के बावजूद भी भरपूर बरसात नहीं हुई। खेतों में किसानों की ओर से बुवाई किए करीब 2 माह हो गए लेकिन अच्छी व पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसानों को चिंता हो गई थी। बारिश के इंतजार में फसलें मुरझाने लगी थी। लेकिन शुक्रवार को हुई बारिश ने किसानों के चेहरों पर खुशी ला दी है।

बारिश के बाद नेहरू नगर ओवरब्रिज पर लगा जाम लग गया। पानी कम होने के साथ खुला जाम।

यह तस्वीर किसान बोर्डिंग के पास की है। जहां पर बरसात के बाद स्कूली बच्चों को पानी में निकलकर घर जाना पड़ रहा है।
शुक्रवार को सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही हो रही थी। उमस भी तेज होने के कारण लोगों का हाल बेहाल कर दिया। दोपहर बाद अचानक तेज बारिश शुरू हुई। शहर में करीब एक घंटे तक चली बारिश से सड़कें पानी से लबालब हो गई। विवेकानंद सर्किल, कलेक्ट्रेट परिसर, अहिंसा सर्किल पर 2-3 फुट तक पानी बहने लगा। पानी में बाइक फंस गई। किसान बोर्डिंग के आगे पानी बहने से नेहरू नगर ओवरब्रिज पर वाहनों का जाम लग गया।

बरसात के बाद नेहरू नगर ओवरब्रिज के पास बाइक फंस गई। बाइक सवार को बड़ी परेशानी उठानी पड़ी।
तेज बारिश से नदी-नाले भी उफान के साथ बहे। साथ ही बारिश के बाद जिला कलेक्ट्रेट परिसर, सेवा सदन, अहिंसा सर्किल समेत कई इलाकों में पानी भर गया। शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। वहीं सिणधरी रोड़ से रीको जाने वाली मार्ग की दुकानों व घरों में पानी भर गया। इससे दुकानों का सामान खराब हो गया है।
मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आगामी 24 घंटे जिले में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
Related
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments