प्रदेश में लोकतंत्र के उत्सव में भागीदारी निभाने में महिलाएं भी पीछे नहीं रही। 200 में से 61 विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया है। बड़ी बात यह है कि इन विधानसभाओं में महिलाओं ने पुरुष मतदाताओं से 0.06 से 10.74 फीसदी तक अधिक मतदान किया है। राजसमंद लोकसभा क्षेत्र में आने वाली भीम विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 10.74 फीसदी का अंतर रहा।
प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर तैयार की गई मतदाता सूची में 2 करोड़ 56 लाख 27 हजार 971 महिला मतदाता हैं। इनमें से 1 करोड़ 55 लाख 61 हजार 285 महिला वोट देने मतदान केन्द्रों पर पहुंचीं। प्रदेश के सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों में 60.72 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया है। यदि प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों को देखें तो 8 लोकसभा चूरू, झुंझनूं, सीकर, पाली, जालोर, उदयपुर, बांसवाड़ा और राजसमंद में महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा वोट डाले।
घाटोल में सर्वाधिक मतदान
बांसवाड़ा लोकसभा क्षेत्र में महिलाओं ने सर्वाधिक 75.75 फीसदी मतदान किया। वहीं, विधानसभा क्षेत्रवार देखें तो घाटोल विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 82.68 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा बायतू में 82.12, शिव में 79.43, गढ़ी में 78.53 और जैसलमेर में 78.21 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान में महिलाओं ने मारी बाजी, 61 विधानसभा क्षेत्रों में पुरुषों को पीछे छोड़ा – New Update
Credit : Rajasthan Patrika