![]()
श्रीकृष्ण के जन्म लेते ही हजारों भक्तों ने मंदिर परिसरों को जयकारों से गुंजायमान कर दिया।
बारां शहर समेत जिले भर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया। श्रीकृष्ण के जन्म लेते ही हजारों भक्तों ने मंदिर परिसरों को जयकारों से गुंजायमान कर दिया। महाआरती के बाद भक्तों को प्रसादी वितरण की गई।
जन्माष्टमी महोत्सव पर मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी। भगवान के विभिन्न अवतारों और लीलाओं से जुड़ी झांकियों का सजीव चित्रण किया गया था। शहर के मांगरोल रोड स्थित प्यारेरामजी मंदिर पर तोप चलाकर भगवान श्रीकृष्ण जन्म का आह्वान हुआ। इसके बाद सभी मंदिरों पर कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान शनिवार रात 12 बजते ही मंदिरों पर महाआरती का आयोजन किया गया। शहर के आराध्य देव श्रीकल्याणरायजी मंदिर पर विशेष आयोजन हुआ। देर रात को जन्माष्टमी महोत्सव पर श्रद्धालु परिवार सहित निराहार रहकर भगवान की आराधना में जुटे रहे।
श्रीजी मंदिर पुजारी दुर्गाशंकर शर्मा और वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि भगवान कल्याणरायजी की प्रतिमा का दूध, दही, घी, गौमूत्र, पंचामृत आदि से अभिषेक किया गया। पुजारियों की ओर से कथा सुनाई गई। इसके बाद परंपरागत रूप से भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की आरती और दर्शन हुए। भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया। तत्काल मंदिर दर्शनार्थियों के लिए खोल दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैयालाल की के जयकारे लगे।
पुलिस सहित मंदिर के भक्त मंडल सदस्यों की ओर से भीड़ को नियंत्रण रखने की विशेष व्यवस्था रही। रविवार सुबह नंद महोत्सव मनाया गया। इस दौरान सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
Related
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments