भरतपुर में 2 अगस्त को हुई सामूहिक आत्महत्या के मामले में महिला का सुसाइड से ठीक पहले का वीडियो सामने आया है। इसमें महिला कहती नजर आ रही है, मेरे भांजे के साथ कोई अवैध संबंध नहीं हैं, मैंने उसे नहीं भगाया है।
मैं कल से भूखी-प्यासी अपने छोटे बच्चे को लेकर भाग रही हूं, मुझ पर इल्जाम लगा दिया कि मैं भांजे को लेकर भाग गई हूं। मैं और मेरा भांजा गलत नहीं है। मुझे इतना परेशान किया कि क्या कहूं…
वहीं मामले को लेकर महिला के भाई दिंगबर ने उसके ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। इसमें बहन को परेशान करने के आरोप लगाएं हैं। साथ ही, आरोप है कि बहन की बेटियों से उसे मिलने नहीं दिया जा रहा है।
भाई का आरोप है कि देवर उसकी बहन पर बुरी नजर रखता था। जब ये बात उसके भांजे काे पता चली तो वह उसकी बहन के पास आने लगा। ऐसे में दोनों के बीच अफेयर की झूठी बात फैलाई गई। इससे परेशान होकर उसने भी सुसाइड कर लिया था।
पहले समझिए पूरा मामला
2 अगस्त की सुबह 6:30 बजे भरतपुर के सेवर थाना इलाके में फौजदार मोटर गैरेज के बाहर तीन शव मिले थे। इसमें एक महिला, युवक और 12 साल के बच्चे की लाश थी। पास ही में एक खाली बोतल पड़ी थी, पुलिस की जांच में सामने आया था कि जहर पीकर तीनों ने जान दी है।
जांच में सामने आया कि लाश मां अनीता (37) बेटे लेतेश (12) और भांजे शुभम (27) की है। ठीक 1 रात पहले ही अनीता का भाई सेवर थाने पहुंचा था और उसने बहन को लोकेशन के आधार पर ढूंढने की गुजारिश की थी। लेकिन, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद सुबह तीन के शव मिले थे। पुलिस ने इसे प्रेम-प्रसंग का मामला बताया था।

इसी जगह सुबह राहगीरों ने तीन लाशें देखी तो पुलिस को सूचना दी थी। अनीता के भाई का दावा है कि सुसाइड से पहले का वीडियो भी यही बनाया गया है।
अब पढ़िए सुसाइड से पहले अनीता का आखिरी बयान…
अनीता वीडियो में कह रही है- मुझे बदनाम करने की कोशिश मत करना, मैं कहीं भाग कर नहीं गई हूं। मैंने कोई गलत काम नहीं किया है, मुझे परेशान कर दिया तुम लोगों ने।
तुम सब लोगों ने मुझे मारने का गिरोह बना रखा है। अगर मेरा पति सही होता तो मुझे छोड़ कर नहीं जाता। मेरे साथ रहता।
उसका भाई रात को आकर मुझे परेशान करता है, मैं घर से भाग कर आ गई शर्म के मारे। मैं अपने बच्चे को लेके निकल आई। कल रात को उसने (पति के भाई) आकर धमकी दी। तुझे और तेरे बच्चे को जान से मार दूंगा। सबसे ज्यादा उसी ने परेशान किया है और वही है हमारी इन सबका जिम्मेदार..
मुझे सब कह रहे हैं, मैं गलत हूं, न मैं गलत हूं और न गलत थी। 2 दिन से घर से निकली हुई हूं न कुछ खाया है न पीया है। मेरा भांजा भी गलत नहीं है। मुझ पर इल्जाम लगा रहे हैं कि मैं मेरे भांजे को लेकर भाग गई हूं। ये गलत है।
(इसके बाद वीडियो बंद हो जाता है)

तस्वीर उस वीडियो से ली गई है जिसमें अनीता अपने साथ हुए अत्याचार के बारे में बता रही है। उसके पैर दिखाई दे रहे हैं और पास में 2 युवक बैठे नजर आ रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, ये वीडियो अनीता ने सुसाइड से पहले बनाया है। वीडियो में पास ही में एक बोतल भी रखी दिखाई दे रही है। दावा है कि वीडियो में पास बैठे दोनों लड़के एक उसका बेटा लेतेश और दूसरा उसका भांजा शुभम है।
सुसाइड से पहले अनीता अपने बेटे लेतेश को घर से लेकर ये कहकर निकली थी कि वह उसे डॉक्टर को दिखाने जा रही है। इसके बाद वह उसे लेकर भरतपुर आ गई थी। लेतेश दोनों बेटियों से छोटा था।
पुलिस फिलहाल सुसाइड के मामले में जांच कर रही है। वहीं भाई की रिपोर्ट के आधार पर अनीता के ससुराल वालों से पूछताछ में जुटी है।

तस्वीर लेतेश और उसकी मां अनीता की है।
देवर गंदी नजर रखता था
हिंडौन (करौली) निवासी अनीता के भाई दिगंबर ने बताया- बहन की मौत के बाद उसकी दोनों बेटियां उसके ससुराल में ही हैं। न उनसे बात करने दी जा रही है, न मिलने दिया जा रहा है।
दिगंबर ने बताया- बहन अनीता की शादी करीब 15 साल पहले देवेन्द्र निवासी खेडा जमालपुर थाना हिण्डौन के साथ हुई थी। अनीता का पति मैसूर (कर्नाटक) में ठेकेदारी का काम करता है।
अनीता अपने ससुराल (भरतपुर) में रह रही थी। वहां पर उसका देवर मोनू उस पर गंदी नजर रखता था। वह अनीता से अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता था। जब अनीता ने उसका विरोध किया तो, मोनू अनीता को परेशान करने लगा।

गैरेज के बाहर तीनों के शव अलग-अलग पड़े थे। पास ही में पुलिस को एक बोतल भी बरामद हुई थी। इसी में जहर होने की आशंका जताई थी।
बदनामी के डर से दी जान
मोनू ने ही देवेंद्र (जीजा) को भड़काया कि अनीता के शुभम (भांजे) से अवैध संबंध हैं। जिसके बाद अनीता के पति और देवर उसको प्रताड़ित करने लगे। अनीता की ननद जल्लो और नंदोई ने उसके साथ मारपीट भी की। सब मिलकर अनीता को बदनाम करने पर तुले थे। इसके बाद बहन ने सुसाइड कर लिया।
महिला के भाई दिगंबर ने बताया- अनीता ने देवर मोनू से परेशान होकर उसकी पूरी कहानी भांजे शुभम को बताई थी। उसे बताया था कि देवर उस पर गंदी नजर रखता है और उसे अवैध संबंध बनाने पर मजबूर करता है। ऐसे में शुभम उसके पास आता-जाता रहता था।
शुभम के आने-जाने से उसके ससुराल वालों को आपत्ति थी। ऐसे में, उन्होंने मिलकर अनीता और शुभम को बदनाम करना शुरू कर दिया। वे परिचितों से कहने लगे थे कि शुभम और अनीता का अफेयर चल रहा है। इससे दोनों परेशान थे। यही वजह है कि उन्हें सुसाइड करना पड़ा।
3 बहनों में इकलौता था लेतेश
हादसे से 2 दिन पहले अनीता अपने बेटे लेतेश (12) को डॉक्टर को दिखाने के बहाने ससुराल से निकल गई थी। घर पर उसकी तीन बेटियां संजना (15), वंदना (10) और दीक्षा (8) को घर पर ही छोड़ गई थी। भाई दिगंबर ने यह भी आरोप लगाया है कि अब अनीता के ससुराल वाले उसे भांजियों से मिलने नहीं दे रहे हैं।

सामूहिक सुसाइड से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
मामी-भांजे ने किया सुसाइड, दोनों के बीच था अफेयर:दुकान के बाहर बेटे का भी मिला शव; भाई बोला-पुलिस को लोकेशन बताई तो कहा कल आना

भरतपुर में महिला ने भांजे और 12 साल के बेटे के साथ सामूहिक सुसाइड कर लिया। शनिवार सुबह 6:30 बजे तीनों के शव दुकान के बाहर पड़े मिले। मामला सेवर थाना इलाके का है। (पढ़ें पूरी खबर)
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments